"महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 54 श्लोक 1-22": अवतरणों में अंतर

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ
[अनिरीक्षित अवतरण][अनिरीक्षित अवतरण]
छो (Text replace - "{{महाभारत}}" to "{{सम्पूर्ण महाभारत}}")
पंक्ति २०: पंक्ति २०:
{{सम्पूर्ण महाभारत}}
{{सम्पूर्ण महाभारत}}


[[Category:कृष्ण कोश]] [[Category:महाभारत]][[Category:महाभारत शान्तिपर्व]]
[[Category:कृष्ण कोश]] [[Category:महाभारत]][[Category:महाभारत शान्ति पर्व]]
__INDEX__
__INDEX__

१०:१८, २६ जुलाई २०१५ का अवतरण

चौवनवाँ अध्याय: शान्तिपर्व (राजधर्मानुशासनपर्व)

महाभारत: शान्तिपर्व : चौवनवाँ अध्याय: श्लोक 1-22 का हिन्दी अनुवाद

भगवान श्रीकृष्ण और भीष्म की बातचीत

जनमेजय ने पूछा- महामुने! धर्मात्मा, महापराक्रमी, सत्यप्रतिज्ञ, जितात्मा, धर्म से कभी च्युत न होने वाले महाभाग शान्तनुनन्दन गंगाकुमार पुरूषसिंह देवव्रत भीष्म जब वीरशय्यापर सो रहे थे और पाण्डव उनकी सेवा में आकर उपस्थित हो गये थे, उस समय वीर पुरूषों के उस समागम के अवसर पर जब कि उभयपक्ष की सम्पूर्ण सेनाएँ मारी जा चुकी थी, कौन कौनसी बातें हुई? यह मुझे बताने की कृपा करें।

वैशम्पायनजी ने कहा - नरेश्वर! कौरवकुल का भार वहन करने वाले भीष्मजी जब बाणशय्या पर सो रहे थे, उस समय वहाँ नारद आदि सिद्ध महर्षि भी पधारे थे। महाभारत युद्ध में जो लोग मरने से बच गये थे, वे युधिष्ठिर आदि राजा तथा धृतराष्ट्र, श्रीकृष्ण, भीमसेन, अर्जुन, नकुल और सहदेव - ये सभी महामनस्वी पुरूष पृथ्वी पर गिरे हुए सूर्य के समान प्रतीत होने वाले भरतवंशियों के पितामह, गंगानन्दन भीष्मजी के पास जाकर बार बार शोक प्रकट करने लगे। तब दिव्य दृष्टि रखने वाले देवर्षि नारद ने दो घडी तक कुछ सोच विचारकर समस्त पाण्डवों तथा मरने से बचे हुए अन्य नरेशों को सम्बोधित करके कहा-। भगवान श्रीकृष्ण का देवर्षि नारद एवं पाण्डवों को लेकर शरशय्यास्थित भीष्म के निकट गमन भरतनन्दन युधिष्ठिर तथा अन्य भूपालगण! मैं आप लोगों को समयोचित कर्तव्य बता रहा हूँ। आप लोग गंगानन्दन भीष्मजी से धर्म और ब्रह्मण के विषय में प्रश्न कीजिये, क्योंकि अब ये भगवान सूर्य के समान अस्त होने वाले है। भीष्मजी अपने प्राणों का परित्याग करना चाहते है;अतः आप सब लोग इनसे अपने मन की बातें पूछ लें; क्योंकि ये चारों वर्णों के सम्पूर्ण एवं विभिन्न धर्मों को जानते है। भीष्मजी अत्यन्त वृद्ध हो गये है और अपने शरीर का त्याग करके उत्तम लोकों में पदार्पण करने वाले है; अतः आप लोग शीघ्र ही इनसे अपने मन के संदेह पूछ लें।

वैशम्पायनजी कहते है- राजन्! नारदजी के ऐसा कहने पर सब नरेश भीष्मजी के निकट आ गये; परंतु उन्हें उनसे कुछ पूछने का साहस नहीं हुआ। वे सभी एक दूसरे का मुँह ताकने लगे। तब पाण्डुपुत्र युधिष्ठिर ने ह्षीकेश की ओर लक्ष्य करके कहा- दिव्यज्ञानसम्पन्न देवकीनन्दन भगवान श्रीकृष्ण को छोडकर दूसरा कोई ऐसा नहीं है, जो पितामह से प्रश्न कर सके। ( फिर श्रीकृष्ण से कहने लगे - ) मधुसूदन!यदुश्रेष्ठ! आप ही पहले वार्तालाप आरम्भ कीजिये। तात! आप ही हम सब लोगों में सम्पूर्ण धर्मों के श्रेष्ठ ज्ञाता है। पाण्डुनन्दन युधिष्ठिर के ऐसा कहने पर अपनी मर्यादा कभी च्युत न होने वाले भगवान श्रीकृष्ण ने दुर्जय भीष्मजी के निकट जाकर इस प्रकार बातचीत की। भगवान श्रीकृष्ण बोले- नृपश्रेष्ठ भीष्मजी!आपकी रात सुख से बीती न? क्या आपको सभी ज्ञातव्य विषयों का सुस्पष्टरूप से दर्शन कराने वाली निर्मल बुद्धि प्राप्त हो गयी? निष्पाप भीष्म! क्या आपके अन्तः करण में सब प्रकार के ज्ञान प्रकाशित हो रहे? आपके हद्य में ग्लानि तो नहीं है? आपका मन व्याकुल तो नहीं हो रहा है?

भीष्म जी बोले- वृष्णिनन्दन! आपकी कृपा से मेरे शरीर की जलन, मन का मोह, थकावट, विकलता, ग्लानि तथा रोग- ये सब तत्काल दूर हो गये थे। परम तेजस्वी पुरूषोतम! अब मैं हाथ पर रखे हुए फल की भाँति भूत, भविष्य और वर्तमान तीनों कालों की सभी बातें सुस्पष्टरूप से देख रहा हूँ। अच्युत! वेदों में जो धर्म बताये गये है तथा वेदान्तों ( उपनिषदों )- द्वारा जिनको जाना गया है, उन सब धर्मों को मैं आपके वरदान के प्रभाव से प्रत्यक्ष देख रहा हूँ।जनार्दन! शिष्ट पुरूषों ने जिस धर्म का उपदेश किया है, वह भी मेरे हद्य में स्फुरित हो रहा है। देश, जाति और कुल के धर्मोंका भी इस समय मुझे पूर्ण ज्ञान है। चारों आश्रमों के धर्मों में जो सारभूत तत्व है, वह भी मेरे हद्य में प्रकाशित हो रहा है। केशव! इस समय मैं सम्पूर्ण राजधर्मों को भी भलीभाँति जानता हूँ। जनार्दन! जिस विषय में जो कुछ भी कहने योग्य बात है, वह सब मैं कहूँगा। आपकी कृपा से मेरे हद्य में निर्मल मन और कल्याणमयी बुद्धि का आवेश हुआ है।



« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

साँचा:सम्पूर्ण महाभारत अभी निर्माणाधीन है।