महाभारत वन पर्व अध्याय 12 श्लोक 39-57

अद्‌भुत भारत की खोज
Bharatkhoj (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित ११:१८, २८ जून २०१५ का अवतरण ('== द्वादश अध्‍याय: वनपर्व (अरण्‍यपर्व)== {| style="background:none;" width="1...' के साथ नया पन्ना बनाया)
(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

द्वादश अध्‍याय: वनपर्व (अरण्‍यपर्व)

महाभारत वनपर्व द्वादश अध्याय श्लोक 63- 90 का हिन्दी अनुवाद

भरी सभा में राजाओं की मण्डली के बीच अत्यन्त रजस्राव हाने के कारण मैं रक्त से भींगी जा रही थी। उस अवस्था में मुझे देखकर धृतराष्ट्र के पापात्मा पुत्रों ने जोर-जोर से हँसकर मेरी हँसी उड़ायी। मधुसूदन ! पाण्डवों, पांचालों और वृष्णिवंशी वीरों के जीते-जी धृतराष्ट्र के पुत्रों ने दासीभाव से मेरा उपभोग करने की इच्छा प्रकट की। श्रीकृष्ण ! मैं धर्मतः भीष्म और धृतराष्ट्र दोनों की पुत्रवधु हूँ; तो भी उनके सामने ही बलपूर्वक दासी बनायी गयी। मैं तो संग्राम में श्रेष्ठ इन महाबली पाण्डवों की निन्दा करती हूँ; जो अपनी यशस्विनी धर्म पत्नी को शत्रुओं द्वारा सतायी जाती हुई देख रहे थे। जनार्दन ! भीमसेन के बल को धिक्कार है, अर्जुन के गाण्डीव धनुष को भी धिक्कार है, जो उन नराधमों द्वारा मुझे अपमानित होती देखकर भी सहन रहे थे। सत्पुरुषों द्वारा सदा आचरण में लाया हुआ यह धर्म का सनातन मार्ग है कि निर्बल पति भी अपनी पत्नी की रक्षा करते हैं। पत्नी की रक्षा करने से अपनी संतान सुरक्षित होती है और संतान की रक्षा होने पर अपने आत्मा की रक्षा होती है। अपनी आत्मा ही स्त्री के गर्भ से जन्म लेती है; इसीलिये वह जाया कहलाती है। पत्नी को भी अपने पति की रक्षा इसीलिये करनी चाहिये कि यह किसी प्रकार मेरे उदर से जन्म ग्रहण करे। ये अपनी शरण में आने पर कभी किसी का भी त्याग नहीं करते; किन्तु इन्हीं पाण्डवों ने मुझे शरणागत अबला पर तनिक भी दया नहीं की।

जनार्दन ! इन पाँच पतियों से उत्पन्न हुए मेरे महाबली पाँच पुत्र हैं। उनकी देखभाल के लिये भी मेरी रक्षा आवश्यक थी। युधिष्ठिर से प्रतिविन्ध्य, भीमसेन से सुतसोम, अर्जुन से श्रुतकीर्ति, नकुल से शतानीक और पाण्डव और छोटे सहदेव से श्रुतकर्मा का जन्म हुआ है। ये सभी कुमार सच्चे पराक्रमी हैं। श्री कृष्ण ! आपका पुत्र प्रद्युम्न जैसा शूरवीर है, वैसे ही मेरे महारथी पुत्र भी हैं। ये धनुर्विद्या में श्रेष्ठ तथा शत्रुओं द्वारा युद्ध में अजेय हैं तो भी दुर्बल धृतराष्ट्र-पुत्रों का अत्याचार कैसे सहन करते है? अधर्म से सारा राज्य ग्रहण कर लिया गया, सब पाण्डव दास बना दिये गये और मैं एकवस्त्र धारिणी रजस्वला होने पर भी सभा में घसीटकर लायी गयी। मधुसूदन ! अर्जुन के पास जो गाण्डीव धनुष है, उस पर अर्जुन, भीम अथवा आपके सिवा दूसरा कोई प्रत्यन्चा भी नहीं चढ़ा सकता ( तो ये मेरी रक्षा न कर सके )। कृष्ण ! भीमसेन के बल को धिक्कार है, अर्जुन पुरुषार्थ को भी धिक्कार है, जिसके होते हुए दुर्योधन इतना बड़ा अत्याचार करके दो घड़ी भी जीवित रह रहा है। मधुसूदन ! पहले बाल्यावस्था में, जब कि पाण्डव ब्रह्मचर्य-व्रत का पालन करते हुए अध्ययन में लगे थे, किसी की हिंसा नहीं करते थे, जिस दुष्ट ने इन्हें इनकी माता के साथ राज्य से बाहर निकाल दिया था। जिस पापी ने भीमसेन के भोजन में नूतन, तीक्ष्ण परिमाण में अधिक एवं रोमांचकारी कालकूट नामक विष डलवा दिया था। महाबाहु नरश्रेष्ठ जनार्दन ! भीमसेन की आयु शेष थी, इसीलिये वह घातक विष अन्न के साथ ही पच गया और उसने कोई विकार नहीं उत्पन्न किया( इस प्रकार उस दुर्योधन के अत्याचारों को कहाँ तक गिनाया जाय )।

श्रीकृष्ण ! प्रमाण कोटि तीर्थ में, जब भीमसेन विश्वस्त होकर सो रहे थे, उस समय दुर्योधन ने इन्हें बाँधकर गंगा में फेंक दिया और स्वयं चुपचाप राजधानी में लौट आया। जब इनकी आँख खुली तो ये महाबली महाबाहु भीमसेन सारे बन्धनों को तोड.कर जल से ऊपर उठे। इनके सारे अंगों में विषैले काले सर्पो से डँसवाया; परंतु शत्रुहन्ता भीमसेन मर न सके। जागने पर कुन्तीनन्दन भीम ने सब सर्पों को उठा-उठा-कर पटक दिया। दुर्योधन, भीमसेन के प्रिय सारथि को भी उलटे हाथ से मार डाला। इतना ही नहीं, वारणावत में आर्या कुन्ती के साथ में ये बालक पाण्डव सो रहे थे, उस समय उसने घर में आग लगवा दी, ऐसा दुष्कर्म दूसरा कौन कर सकता है? उस समय वहाँ आर्या कुन्ती भयभीत हो रोती हुई पाण्डवों से इस प्रकार बोलीं- ‘मैं बड़े भारी संकट में पड़ी, आग से घिर गयी। ‘हाय ! हाय ! मैं मारी गयी, अब इस आग से कैसे शान्ति प्राप्त होगी? मैं अनाथ की तरह अपने बालक पुत्रों के साथ नष्ट हो जाऊँगी‘। उस समय वहाँ वायु के समान वेग और पराक्रम वाले महाबाहु भीमसेन आर्या कुन्ती तथा भाइयों को आश्वासन देते हुए कहा--‘पक्षियों में श्रेष्ठ विनता नन्दन गरुड जैसे उड़ा करते हैं, उसी प्रकार मैं भी तुम सब को लेकर यहाँ से चल दूँगा। अतः तुम्हें यहाँ तनिक भी भय नहीं हैं ‘।



« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख