महाभारत अादि पर्व अध्याय 1 श्लोक 131-146

अद्‌भुत भारत की खोज
Bharatkhoj (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित ०६:२४, २८ जून २०१५ का अवतरण ('== प्रथम अध्‍याय: आदिपर्व (अनुक्रमणिकापर्व)== {| style="background:no...' के साथ नया पन्ना बनाया)
(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

प्रथम अध्‍याय: आदिपर्व (अनुक्रमणिकापर्व)

महाभारत अादिपर्व प्रथम अध्याय श्लोक 156-171

जब मैंने सुना कि मगधराज-शिरोमणि, क्षत्रिय जाति के जाज्वल्यमान रत्न जरासन्ध को भीमसेन ने उसकी राजधानी में जाकर बिना अस्त्र-शस्त्र हाथों से ही चीर दिया। संजय ! मेरी जीत की आशा तो तभी टूट गयी। जब मैंने सुना कि दिग्विजय के समय पाण्डवों ने बल पूर्वक बड़े-बडे़ भूमिपतियों को अपने अधीन कर लिया और महायज्ञ राजसूय सम्पन्न कर दिया, संजय ! तभी मैंने समझ लिया कि मेरी विजय की कोई आशा नहीं है। संजय ! जब मैंने सुना कि दुःखिता द्रौपदी रजस्वलावस्था में आँखों में आँसू भरे केवल एक वस्त्र पहने वीर पतियों के रहते हुए भी अनाथ के समान भरी सभा में घसीट कर लायी गयी हैं, तभी मैंने समझ लिया था कि अब मेरी विजय नहीं हो सकती। जब मैंने सुना कि धूर्त एवं मन्द बुद्धि दुःशासन ने द्रौपदी का वस्त्र खींचा और वहाँ वस्त्रों का इतना ढेर लग गया कि वह उसका पार न पा सका, संजय ! तभी से मुझे विजय की आशा नहीं रही। संजय ! जब मैंने सुना कि धर्मराज युधिष्ठिर को जूए में शकुनि ने हरा दिया और उनका राज्य छीन लिया, फिर भी उनके अतुल बलशाली धीर गम्भीर भाईयों ने युधिष्ठिर का अनुगमन ही किया, तभी मैंने विजय की आशा छोड़ दी। जब मैंने सुना कि वन में जाते समय धर्मात्मा पाण्डव धर्मराज युधिष्ठिर के प्रेमवश दुःख पा रहे थे और अपने हृदय का भाव प्रकाशित करने के लिये विविध प्रकार की चेष्ठाएँ कर रहे थे; संजय ! तभी मेरी विजय की आशा नष्ट हो गयी। जब मैंने सुना कि हजारों स्न्नातक वनवासी युधिष्ठिर के साथ रह रहे हैं और वे तथा दूसरे महात्मा एवं ब्राह्मण उनसे भिक्षा प्राप्त करते हैं। संजय ! तभी मैं विजय के सम्बन्ध में निराश हो गया। संजय ! जब मैंने सुना कि किरातवेपधारी देव-देव त्रिलोचन महादेव को युद्ध में संतुष्ट करके अर्जुन ने पाशुपत नामक महान् अस्त्र प्राप्त कर लिया है, तभी मेरी आशा निराशा में परिणत हो गयी। जब मैंने सुना कि वनवास में भी कुन्ती-पुत्रों के पास पुरातन महर्षि गण पधारते और उनसे मिलते हैं। उनके साथ उठते-बैठते और निवास करते हैं तथा सेवक-सम्बन्धियों सहित पाण्डवों के प्रति उनका मैत्री भाव हो गया है। संजय ! सभी से मुझे अपने पक्ष की विजय का विश्वास नहीं रह गया था। जब मैंने सुना कि सत्यसंध धनंजय अर्जुन स्वर्ग में गये हुए हैं और वहाँ साक्षात् इन्द्र से दिव्य अस्त्र-शस्त्र की विधि पूर्वक शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और वहाँ उनके पौरूष एवं ब्रह्मचर्य आदि की प्रशंसा हो रही है, संजय! तभी से मेरी युद्ध में विजय की आशा जाती रही। जब से मैंने सुना कि वरदान के प्रभाव से घमंड के नशे मैं चूर कालकेय तथा पौलोम नाम के असुरों को, जिन्हें बड़े-बड़े देवता भी नहीं जीत सकते थे, अर्जुन ने बात-की-बात में पराजित कर दिया, तभी से संजय ! मैंने विजय की आशा कभी नहीं की। मैंने जब सुना कि शत्रुओं का संहार करने वाले किरीटी अर्जुन असुरों का वध करने के लिये गये थे और इन्द्रलोक से अपना काम पूरा करके लौट आये हैं, संजय ! तभी मैंने समझ लिया-अब मेरी जीत की कोई आशा नहीं। जब मैंने सुना कि पाण्डु नन्दन युधिष्ठिर महर्षि लोमशजी के साथ तीर्थ यात्रा कर रहे हैं और लोमशजी के मुख से ही उन्होंने यह भी सुना है कि स्वर्ग में अर्जुन को अभीष्ट वस्तु (दिव्यास्त्र) की प्राप्ति हो गयी है, संजय ! तभी से मैंने विजय की आशा ही छोड़ दी। जब मैंने सुना कि भीमसेन तथा दूसरे भाई उस देश में जाकर, जहाँ मनुष्यों की गति नहीं है, कुबेर के साथ मेल-मिलाप कर आये, संजय ! तभी मैंने विजय की आशा छोड़ दी थी। जब मैंने सुना कि कर्ण की बुद्धि पर विश्वास करके चलने वाले मेरे पुत्र घोष-यात्रा के निमित्त गये और गन्धर्वो के हाथ बन्दी बन गये और अर्जुन ने उन्हें उनके हाथ से छुड़ाया संजय ! तभी से मैंने विजय की आशा छोड़ दी। सतू संजय ! जब मैंने सुना कि धर्मराज य़क्ष का रूप धारण करके युधिष्ठिर से मिले और युधिष्ठिर ने उनके द्वारा किये गये गूढ़ प्रश्नों का ठीक-ठीक समाधान कर दिया, तभी विजय के सम्बन्ध में मेरी आशा टूट गयी। संजय ! विराट की राजधानी में गुप्त रूप से द्रौपदी के साथ पाँचों पाण्डव निवास कर रहे थे, परन्तु मेरे पुत्र और उनके सहायक इस बात का पता नहीं लगा सके; जब मैंने यह बात सुनी मुझे यह निश्चय हो गया कि मेरी विजय सम्भव नहीं है। संजय ! जब मैंने सुना कि भीमसेन ने द्रौपदी के प्रति किये हुए अपराध का बदला लेने के लिये कीचकों के सर्वश्रेष्ठ वीर को उस के सौ भाईयों सहित युद्ध में मार डाला था, तभी से मुझे विजय की बिल्कुल आशा नहीं रह गयी थी। संजय ! जब मैंने सुना कि विराट की राजधानी में रहते समय महात्मा धनंजय ने एकमात्र रथ की सहायता से हमारे सभी श्रेष्ठ महारथियों को (जो गो-हरण के लिये पूर्ण तैयारी के साथ वहाँ गये थे) मार भगाया, तभी से मुझे विजय की आशा नहीं रही।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख