महाभारत आदि पर्व अध्याय 5 श्लोक 1-19

अद्‌भुत भारत की खोज
Bharatkhoj (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित १२:४५, २९ जून २०१५ का अवतरण ('== पंचम अध्‍याय: आदिपर्व (पौलोमपर्व)== <div style="text-align:center; direction: ...' के साथ नया पन्ना बनाया)
(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

पंचम अध्‍याय: आदिपर्व (पौलोमपर्व)

महाभारत: आदिपर्व: पंचम अध्याय: श्लोक 1-21 का हिन्दी अनुवाद

भृगु के आश्रम पर पुलोमा दान का आगमन और उसकी अग्नि देव के साथ बात चीत

शौनक जी ने कहा—तात लोमहर्षण कुमार ! पूर्व काल में आपके पिता ने सब पुराणों का अध्ययन किया था। क्या आपने भी उन सबका अध्ययन किया है? पुराण में दिव्य कथाएँ वर्णित हैं। परम बुद्धिमान् राजर्षियों और ब्रह्मषियों के आदि वंश भी बताये गये हैं। जिनको पहले हमने आपके पिता के मुख से सुना है। उनमें से प्रथम तो मैं भृगुवंश का ही वर्णन सुनना चाहता हूँ। अतः आप इसी से सम्बन्ध रखने वाली कथा कहिये। हम सब लोग आपकी कथा सुनने के लिये सर्वथा उद्यत हैं।

सूतपुत्र उग्रश्रवा ने कहा—भृगुनन्दन ! वैशम्पायन आदि श्रेष्ठ ब्राह्मणों और महात्मा द्विजवरों ने पूर्व काल में जो पुराण भली भाँति पढ़ा था और उन विद्वानों ने जिस प्रकार पुराण का वर्णन किया है, वह सब मुझे ज्ञात है। मेरे पिता ने जिस पुराण विद्या का भली भाँति अध्ययन किया था, वह सब मैंने उन्हीं के मुख से पढ़ी और सुनी है। भृगुनन्दन ! आप पहले उस सर्व श्रेष्ठ भृगु वंश का वर्णन सुनिये जो देवता, इन्द्र, ऋषि और मरूद्रणों से पूजित है। महामुने ! आपके इस अत्यन्त दिव्य भार्गव वंश का परिचय देता हूँ। यह परिचय अद्भत एवं युक्ति युक्त तो होगा ही, पुराणों के आश्रय से भी संयुक्त होगा। हमने सुना है कि स्वयम्भू ब्रह्मजी ने वरूण के यज्ञ में महर्षि भगवान् भृगु को अग्नि में उत्पन्न किया था। भृगु के अत्यन्त प्रिय पुत्र च्यवन हुए, जिन्हें भार्गव भी कहते हैं। च्यवन के पुत्र का नाम प्रमति था, जो बडे़ धर्मात्मा हुए। प्रमति के घृताची नामक अप्सरा के गर्भ से रूरू नामक पुत्र का जन्म हुआ। रूरू के पुत्र शुनक थे, जिनका जन्म प्रमद्वरा के गर्भ से हुआ था। शुनक वेदों के पारंगत विद्वान् और धर्मात्मा थे। वे आपके पूर्व पितामह थे। वे तपस्वी, यशस्वी, शास्त्रज्ञ तथा ब्रह्मवेत्ताओं में श्रेष्ठ थे। धर्मात्मा, सत्यवादी और मन इन्द्रियों को वश में रखने वाले थे। उनका आहार-बिहार नियमित एवं परिमित था।

शौनकजी बोले—सूत पुत्र ! मैं पूछता हूँ कि महात्मा भार्गव का नाम च्यवन कैसे प्रसिद्ध हुआ? यह मुझे बताइये।

उग्रश्रवाजी ने कहा-महामुने ! भृगु की पत्नी का नाम पुलोमा था। वह अपने पति को बहुत ही प्यारी थी। उसके उदर में भृगु जी के वीर्य से उत्पन्न गर्भ पल रहा था। भृगुवंश शिरोमणे! पुलोमा यशस्वी भृगु की अनुकूल शील-स्वभाववाली धर्मपत्नी थी। उनकी कुक्षि में उस गर्भ के प्रकट होने पर एक समय धर्मात्माओं में श्रेष्ठ भृगुजी स्नान करने के लिये आश्रम से बाहर निकले। उस समय एक राक्षस, जिसका नाम भी पुलोमा ही था, उसके आश्रम पर आया। आश्रम में प्रवेश करते ही उसकी दृष्टि महर्षि भृ्गु की पतिव्रता पत्नी पर पड़ी और वह कामदेव के वशीभूत हो अपनी सुध-बुध खो बैठा। सुन्दरी पुलोमा ने उस राक्षस को अभ्यागत अतिथि मानकर वन में फल-मूल आदि से उसका सत्कार करने के लिये उसे न्योता दिया। ब्रह्मन् ! वह राक्षस काम से पीडि़त हो रहा था। उस समय उसने वहाँ पुलोमा को अकेली देख बड़े हर्ष का अनुभव किया, क्योंकि यह सती-साध्बी पुलोमा को हर ले जाना चाहता था। मनमें उस शुभ लक्षणा सती के अपहरण की इच्छजा रखकर वह प्रसन्नता से फूल उठा और मन-ही-मन बोला, ‘मेरा तो काम बन गया।’ पवित्र मुसकान वाली पुलोमा को पहले उस पुलोमा नामक राक्षस ने वरण1 किया था। किन्तु पीछे उसके पिता ने शास्त्र विधि के अनुसार महर्षि भृगु के साथ उसका विवाह कर दिया। भृगु नन्दन ! उसके पिता का वह अपराध राक्षस के हृदय में सदा काँटे सा कसकता रहता था। यही अच्छा मौका, है, ऐसा विचार कर उसने उस समय पुलोमा को हर ले जाने का पक्का निश्चय कर लिया। इतने मे ही राक्षस ने देखा, अग्निहोत्र गृह में अग्निदेव प्रज्वलित हो रहे हैं।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख