महाभारत वन पर्व अध्याय 90 श्लोक 1-22

अद्‌भुत भारत की खोज
Bharatkhoj (वार्ता | योगदान) द्वारा परिवर्तित ०७:०८, १६ अगस्त २०१५ का अवतरण ('==नवतितम (90) अध्‍याय: वन पर्व (तीर्थयात्रा पर्व)== <div style="text-...' के साथ नया पन्ना बनाया)
(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

नवतितम (90) अध्‍याय: वन पर्व (तीर्थयात्रा पर्व)

महाभारत: वन पर्व: नवतितम अध्याय: श्लोक 1-22 का हिन्दी अनुवाद

धौम्यद्वारा उत्तर दिशा के तीर्थों का वर्णन

धौम्यजी कहते हैं-नृपश्रेष्ठ ! उत्तर दिशा में जो पुण्यप्रद तीर्थ और देवालय आदि हैं, उनका तुम से वर्णन करता हूं। प्रभो ! तुम सावधान होकर तुम सब मेरे मुख से सुनो! वीरवर तीर्थों की कथा का प्रसंग उनके प्रति मंगलमयी श्रद्धा उत्पन्न करता है। तीर्थों की पंक्ति से सुशोभित सरस्वती नदी बड़ी पुण्यदायिनी है। पाण्डुनन्दन ! समुद्र में मिलनेवाली महावेगशालिनी यमुना भी उत्तम दिशा में ही हैं। उधर ही अत्यन्त पुण्यमय प्लक्षावतरण नामक मंगल कारक तीर्थ है; जहां ब्राह्मणगण यज्ञ करके सरस्वती के जल से अवभृथस्थान करते और अपने स्थानों को जाते हैं। उधर ही अग्निशिर नामक दिव्य, कल्याणमय, पुण्य, तीर्थ बताया जाता है। निष्पाप भरतनन्दन ! उसी तीर्थ में सहदेव ने शमी का डंडा फेंकवाकर, जितनी दूरी में वह डंडा पड़ा था उतनी दूरी में, मण्डप बनवाकर उसमें यज्ञ किया। युधिष्ठिर ! इसी विषय में इन्द्र की गायी हुए एक गाथा लोक में प्रचलित है, जिसे ब्राह्मण गाया करते हैं। कुरूश्रेष्ठ ! सहदेव ने यमुना-तटपर लाख स्वर्णमुद्राओं की दक्षिणा देकर अग्नि की उपासना की थी। वहीं महायशस्वी चक्रवती राजा भरत ने पैंतीस अश्वमेध यज्ञों का अनुष्ठान किया। तात ! प्राचीनकाल में राजा भरत ब्राह्मणों की मनोवांछा को पूर्ण करने वाला राजा सुना गया है। उत्तराखण्ड में ही महर्षि शरभंग का अत्यन्त पुण्यदायक आश्रम विख्यात है।। कुन्तीनन्दन ! साधु पुरूषों ने सरस्वती नदी की सदा उपासना की है। महाराज ! पूर्वकाल में बालखिल्य ऋषियों ने वहां यज्ञ किया था। युधिष्ठिर ! परम पुण्यमयी द्वषद्वती नदी भी उधर ही बतायी गयी है। मनुष्यों में श्रेष्ठ युधिष्ठिर ! वहीं न्यग्रोध, पुण्य, पांचाल्य, दाल्भ्यघोष और दाल्भ्य-ये पांच आश्रम हैं तथा अनन्तकीर्ति एवं अमित तेजस्वी महात्मा सुव्रत का पुण्य आश्रम भी उतरांखण्ड में ही बताया जाता है, जो पृथ्वी पर रहकर भी तीनों लोकों मे विख्यात है। नरेश्वर ! उत्तराखण्ड में ही विख्यात मुनि नर और नारायण हैं, जो एतावर्ण (श्यामवर्ग-साकार) होते हुए भी वास्तव में अवर्ण (निराकार) ही हैं।। भरतश्रेष्ठ ! ये दोनों मुनि वेदज्ञ, वेद के मर्मज्ञ तथा वेदविद्या के पूर्ण जानकार हैं। इन्होंने पुण्यदायक उत्तम यज्ञोंद्वारा शंकर का यजन किया है। पूर्वकाल में इन्द्र, वरूण आदि बहुत-से देवताओं ने मिलकर विशाखयूप नामक स्थान में तप किया था, अतः वह अत्यन्त पुण्यप्रद स्थान है। महाभाग, महायशस्वी और महाप्रभावशाली महर्षि जमदग्नि ने परम सुन्दर तथा पुण्यप्रद पलाशवन में यज्ञ किया था। जिसमें सब श्रेष्ठ नदियां मूर्तिमती हो अपना-अपना जल लेकर उन मुनिश्रेष्ठ के पाय आयीं और उन्हें सब ओर से घेरकर खड़ी हुई थीं। वीर महाराज! यहां महात्मा जमदग्नि की यह यज्ञदीक्षा देखकर स्वयं गन्धर्वराज विश्वावसुने इस श्लोक का गान किया था। ‘महात्मा जमनग्नि जब यज्ञद्वारा देवताओं का यजन कर रहे थे, उस समय उनके यज्ञ में सरिताओं ने आकर मधुर से ब्राह्मणों को तृप्त किया’। युधिष्ठिर ! गिरिश्रेष्ठ हिमालय किरातों और किन्नरों का निवास स्थान है। गन्धर्व, यक्ष, राक्षस और अप्सराएं उसका सदा सेवन करती हैं। गंगा जी अपने वेग से उस शैलराज को फोड़कर जहां प्रकट हुई है, वह पुण्यस्थान गंगाद्वार (हरिद्वार) के नाम से विख्यात है। राजन् ! उस तीर्थ का ब्रह्मर्षिगण सदा सेवन करते हैं। कुरूनन्दन ! पुण्यमय कनखल में पहले सनत्कुमार ने यात्रा की थी। वहीं पुरू नाम से प्रसिद्ध पर्वत है, जहां पूर्वकाल में पुरूरवाने यात्रा की थी।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

साँचा:सम्पूर्ण महाभारत अभी निर्माणाधीन है।