अंग

अद्‌भुत भारत की खोज
Bharatkhoj (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित ११:५७, २२ फ़रवरी २०१३ का अवतरण
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

अंग
.एक प्राचीन जनपद जो बिहार राज्य के वर्तमान भागलपुर और मुंगेर जिलों का समवर्ती था। अंग की राजधानी चंपा था। आज भी भागलपुर के एक मुहल्ले का नाम चंपा नगर है। महाभारत की परंपरा के अनुसार अंग के वृहद्रथ और अन्य राजाओं ने मगध को जीता था, पीछे बिंबिसार और मगध की बढ़ती हुई साम्राज्य लिप्सा का वह स्वयं शिकार हुआ। राजा दशरथ के मित्र लोमपाद और महाभारत के अंगराज कर्ण ने वहाँ राज किया था। बौद्ध ग्रंथ अंगुत्तरनिकाय में भारत के बुद्ध पूर्व सोलह जनपदों में अंग की गणना हुई है। व्युत्पत्ति के अनुसार अंग शब्द का अर्थ उपकारक होता है। अत: जिसके द्वारा किसी वस्तु का स्वच्छ जानने में सहायता प्राप्त होती है, उसे भी अंग कहते हैं। इसीलिए वेद के उच्चारण, अर्थ तथा प्रतिपाद्य कर्मकांड के ज्ञान में सहायक तथा उपयोगी शास्त्रों को वेदांग कहते हैं। इनकी संख्या छह है। १. शब्दमय मंत्रों के यथावत्‌ उच्चारण की शिक्षा देने वाला अंग शिक्षा कहलाता है; यज्ञों के कर्मकांड का प्रयोजक शास्त्र कल्प माना जाता है जो श्रोत सूत्र, गुहा सूत्र तथा धर्म सूत्र के भेद से तीन प्रकार का होता है; ३. पद के स्वरूप का निर्देशक व्याकरण; ४. पदों की व्युत्पत्ति बतलाकर उनका अर्थ निर्णायक निरुक्त; ५. छंदों का परिचायक छंद; तथा ६. यज्ञ के उचित काल का समर्थक ज्योतिष। साहित्य, दर्शन एवं साधन में क्रमश: प्रकरणों, तत्वों और विभागों अथवा अवस्थाओं का विभाजन अंग रूप में मिलता है। बौद्ध धार्मिक साहित्य में धर्म के नौ अंग बतलाए गए हैं-सुत्त, गेय्य, वैय्याकरण, गाथा, उदान, इतिवुत्तक, अच्युतधम्म तथा वेदल्ल। वेदांग की तरह बौद्ध प्रवचनों के ये अंग स्वीकृत हैं। इसी प्रकार जैनागमों के अंगों की संख्या ११ है- आचारांगसूत्र, सूत्रकृतांग, स्थानांग, समवायांग, भगवतीसूत्र, ज्ञाताधर्म कथा, उपसकदया, अंतकृद्दसा, अनुत्तरोपयादिकदशा, प्रश्नव्याकरणानि, विपाकश्रुत। अंगों का एक अर्थ प्रकरण भी है। विभिन्न साधनात्मक क्रियाओं एवं अवस्थाओं अथवा तत्वों का अंग रूप में विभाजन मिलता है, जैसे बुद्ध का अष्टांगिक मार्ग, पतंजलि का अष्टांगयोग। इस प्रकार का विभाजन परवर्ती साधनात्मक साहित्य में भी देखने को मिलता है जैसे संत रज्जव के अंगवधू और सर्वगी नामक संग्रह ग्रंथ। (भ. श. उ.) (ब. उ.)


टीका टिप्पणी और संदर्भ