महाभारत भीष्म पर्व अध्याय 90 श्लोक 1-19

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

नवतितम (90) अध्‍याय: भीष्म पर्व (भीष्‍मवध पर्व)

महाभारत: भीष्म पर्व: नवतितम अध्याय: श्लोक 1-19 का हिन्दी अनुवाद

इरावान के द्वारा शकुनि के भाइयों का तथा राक्षस अलम्‍बुष के द्वारा इरावान का वध

संजय कहते है- राजन् ! जिस समय बड़े-बड़े वीरों का विनाश करने वाला भयंकर संग्राम चल रहा था, उसी समय सुबलपुत्र श्रीमान शकुनि ने पाण्डवों पर आक्रमण किया। नरेश्वर! इसी प्रकार शत्रुवीरों का विनाश करने वाले सात्वतवंशी कृतवर्मा ने उस संग्राम में पाण्डवों की सेना पर आक्रमण किया। तत्पश्चात काम्बोज देश के अच्छे घोडे़, दरियाई घोड़े, मही, सिन्धु, वनायु, आरटट तथा पर्वतीय प्रान्तों में होने वाले सुन्दर घोडे़- इन सबकी बहुत बड़ी सेना द्वारा सब ओर से घिरा हुआ शत्रुओंसंताप देने वाला पाण्डुनन्दन अर्जुन का बलवान पुत्र इरावान हर्ष में भरकर रणभूमि में कौरवों की उस सेना पर चढ़ आया। उसके साथ तित्तिर प्रदेश केशीघ्रगामी घोडे़ भी मौजदू थे, जो वायु के समान वेगशाली थे। वे सबके सब सोने के आभूषणों से विभूषित थे। उनके शरीरों में कवच बँधे हुए थे और उन्हें सुन्दर साज-बाज से सजाया गया था। वे सभी घोड़े अच्छी जाति के तथा वायु के तुल्य शीघ्रगामी थे। अर्जुन का पराक्रमी पुत्र श्रीमान इरावान नागराज कौरव्य की पु़त्री के गर्भ से बुद्धिमान अर्जुन द्वारा उत्पन्न किया गया था। नागराज की वह पुत्री संतानहीन थी। उसके मनोनीत पति को गरूड़ ने मार डाला था, जिससे वह अत्यन्तदीन एवं दयनीय हो रही थी। ऐरावतवंशी कौरव्य नाग ने उसे अर्जुन को अर्पित किया और अर्जुन ने काम के अधीन हुई उस नाग कन्या को भार्या रूप में ग्रहण किया था। इस प्रकार अर्जुन पुत्र उत्पन्न हुआ था। वह सदा मातृकुल में रहा। वह नागलोक में ही माताद्वारा पाल-पोसकर बड़ा किया गया और सब प्रकार से वहीं उसकी रक्षा की गयी थी। उस बालक के किसी दुरात्मा वयोवृद्ध सम्बन्धी ने अर्जुन के प्रति द्वेष होने के कारण इनके उस पुत्र को त्याग दिया था। इरावान भी रूपवान, बलवान, गुणवान और सत्य पराक्रमी था, बड़े होने पर जब उसने सुना कि मेरे पिता अर्जुन इस समय इन्द्रलोक में गये हुए है, तबवह शीघ्र ही वहाँ जा पहुँचा। उस सत्यपराक्रमी महाबाहु वीर ने अपने पिता के पास पहुँचकर शान्तभाव से उन्हें प्रणाम किया और विनयपूर्वक हाथ जोड़ महामना अर्जुन के समक्ष अपना परिचय देते हुए बोला- प्रभो! आपका कल्याण हो। मैं आपका ही पुत्र इरावान हूं। उसकी माता के साथ अर्जुन का जो समागम हुआ था, वह सब उसने निवेदन किया। पाण्डुनन्दन अर्जुन को वह वृत्तान्त यथार्थरूप से स्मरण हो आया। गुणों में अपने ही समान उस पुत्र को हृदय से लगाकर अर्जुन बड़ी प्रसन्नता के साथ उसे देवराज के भवन में ले गये। नरेश्वर! भरतनन्दन ! उन दिनों देवलोक में अर्जुन ने प्रेमपूर्वक अपने महाबाहु पुत्र को अपना सब कार्य बताते हुए कहा-शक्तिशाली पुत्र! युद्ध के अवसर पर तुम हम लोगों को सहायता देना। तब बहुत अच्छा कहकर इरावान चला गया और अब युद्ध के अवसर पर यहाँ आया है। नरेश्वर ! इरावान के साथ इच्छानुसार रूप-रंग और वेगवाले बहुत से घोड़े मौजूद थे। वे सब के सब सोने के शिरोभूषण धारण करने वाले तथा मन के समान वेगशाली थे। उनके रंग अनेक प्रकार के थे। राजन् ! वे घोड़े महासागर में उड़ने वाले हंसों के समान सहसा उछले और आपके मन के समान वेगशाली अश्वों के समुदाय में पहुँचकर छाती से छाती तथा नासिका से एक दूसरे की नासिका पर चोट करने लगे। वे सहसा वेगपूर्वक टकराकर पृथ्वी पर गिरते थे।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

साँचा:सम्पूर्ण महाभारत अभी निर्माणाधीन है।