महाभारत वन पर्व अध्याय 68 श्लोक 1-16

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

अष्टषष्टितम (68) अध्‍याय: वन पर्व (नलोपाख्यान पर्व)

महाभारत: वन पर्व: अष्टषष्टितम अध्याय: श्लोक 1-16 का हिन्दी अनुवाद

विदर्भराज का नल-दमयन्ती की खोज के लिये ब्राह्मणों को भेजना, सुदेव ब्राह्मण का चेदिराज के भवन में जाकर म नही मन दमयन्ती के पुत्रों का चिन्तन और उससे भेंट करना

बृहदश्व मुनि कहते हैं-राजन् ! राज्य का अपहरण हो जाने पर जब नल पत्नीसहित वन में चले गये, तब विदर्भनरेश भीम ने नल का पता लगाने के लिये बहुत से ब्राह्मणों को इधर-उधर भेजा। राजा भीम ने प्रचुर धन देकर ब्राह्मणों को यह संदेश दिया-‘आपलोग राजा नल और मेरी पुत्री दमयन्ती की खोज करें। ‘निषधनरेश नल का पता लग जानेपर जब यह कार्य सम्पन्न हो जायगा, तब मैं आपलोगों में से जो भी नल-दमयन्ती को यहां ले आयेगा, उसे एक हजार गौएं दूंगा। ‘साथ ही जीविका के लिये अग्रहार (करमुक्त भूमि) दूंगा और ऐसा गांव दे दूंगा, जो आय में नगर के समान होगा। यदि नल-दमयन्ती में से किसी एक को या दोनों को ही यहां ले आना सम्भव न हो सके तो केवल उनका पता लग जाने पर भी मैं एक हजार गोधन दान करूंगा। राजा के ऐसा कहने पर वे सब ब्राह्मण बड़े प्रसन्न होकर सब दिशाओं में चले गये और नगर तथा राष्ट्रों में पत्नीसहित निषधनरेश नल का अनुसंधान करने लगे; परन्तु कहीं भी वे नल अथवा भीमकुमारी दमयन्ती को नहीं देख पाते थे। तदनन्तर सुदेव नामक ब्राह्मण ने पता लगाते हुए रमणीय चेदिनगरी में जाकर वहां राजमहल में विदर्भकुमारी दमयन्ती को देखा। वह राजा पुण्याहवाचन के समय सुनन्दा के साथ खड़ी थी। उसका अनुपम रूप (मैल से आवृत होने के कारण) धूमसमूह से आवृत हो रही हो। विशाल नेत्रोंवाली उस राजकुमारी को अधिक मलिन और दुर्बल देख उपयुक्त कारणों से उसकी पहचान करते हुए सुदेव ने निश्चय किया कि यह भीमकुमारी दमयन्ती ही है। सुदेव मन ही मन बोले-मैंने पहले जिस रूप में इस कल्याणमयी राजकन्या को देखा, वैसी ही यह आज भी है। लोककमनीय लक्ष्मी की भांति इस भीमकुमारी को देखकर आज मैं कृतार्थ हो गया हूं। यह श्यामा युवती पूर्ण चन्द्रमा के समान कांतिमयी है। इसके स्तन बड़े मनोहर और गोल-गोल हैं। यह देवी अपनी प्रभा से सम्पूर्ण दिशाओं को अलोकित कर रही है। उसके बड़े-बड़े नेत्र मनोहर कमलों की शोभा को लज्जित कर रहे हैं। यह कामदेव की रति-सी जान पड़ती है। पूर्णिमा के चन्द्रमा की चांदनी के समान यह सब लोगों के लिये प्रिय है। विदर्भरूपी सरोवर से यह कमलिनी मानो प्रारब्ध दोष से निकाल ली गयी है। इसके मलिन अंग कीचड़ लिपटी हुई नलिनी के समान प्रतीत होते हैं। यह उस पूर्णिमा की रजनी के समान जान पड़ती है, जिसके चन्द्रमा पर मानो राहुल ने ग्रहण लगा रक्खा हो। पति-शोक से व्याकुल और दीन होने के कारण यह सुखे जल-प्रवाहवाली सरित के समान प्रतीत होती है। इसकी दशा इस पुष्करिणी के समान दिखायी देती है, जिसे हाथियों ने अपने शुण्डदण्ड से मथ डाला हो तथा जो नष्ट हुए पत्तों वाले कमल से युक्त हो एवं जिसके भीतर निवास करनेवाले पक्षी अत्यन्त भयभीत हो रहे हों। यह दुःख से अत्यन्त व्याकुल-सी प्रतीत हो रही है। मनोहर अंगोंवाली यह सुकुमारी राजकन्या उन महलों में रहनेयोग्य है, जिसका भीतरी भाग रत्नों का बना हुआ है। (इस समय दुःख ने इसे ऐसा दुर्बल कर दिया है कि) यह सरोवर से निकाली और सूर्य की किरणों से जलायी हुई कमलिनी के समान प्रतीत हो रही है।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

साँचा:सम्पूर्ण महाभारत अभी निर्माणाधीन है।