महाभारत सभा पर्व अध्याय 45 श्लोक 38-39

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

पन्चचत्वारिंश (45) अध्‍याय: सभा पर्व (शिशुपालवध पर्व)

महाभारत: सभा पर्व: पन्चचत्वारिंश अध्याय: श्लोक 38-39 का हिन्दी अनुवाद

उस यज्ञ का विघ्न शान्त हो गया था, अत: उसका सुख पूर्वक आरम्भ हुआ। उसमें अपरिमित धन धान्य का संग्रह एवं सदुपयोग किया गया था। भगवान श्रीकृष्ण से सुरक्षित होने के कारण उस यज्ञ में कभी अन्न की कमी नहीं होने पायी। उसमें सदा पार्याप्त मात्रा में भक्ष्य भोज्य आदि की सामग्री प्रस्तुत रहती थी। भरतनन्दन! राजाओं ने सहदेव के द्वारा विष्णु बुद्धि से भगवान श्रीकृष्ण की प्रसन्नता के लिये किये जाने वाले उस यज्ञ का उत्तम विधि विधान देखा। उस यज्ञमण्डप में सुवर्णमय ताल के बने हुए फाटक दिखायी देते थे, जो अपनी प्रभा से तेजस्वी सूर्य के समान देदीप्यमान हो रहे थे। उन तेजस्वी द्वारों से वह विशाल यज्ञ मण्डप ग्रहों से आकाश की भाँति प्रकाशित हो रहा था। वहाँ शय्या, आसन और क्रीडा भवनों की संख्या बहुत थी। उनके निर्माण में प्रचुर धन लगा था। चारों ओर घड़े, भाँति-भाँति के पात्र, कड़ाहे, और कलश आदि सुवर्ण निर्मित सामान दृष्टिगोचर हो रहे थे। वहाँ राजाआं ने कोई ऐसी वस्तु नहीं देखी, जो सोने की बनी हुई न हो। उस महान् यज्ञ में राजसेव गण ब्राह्मणों के आगे सदा नाना प्रकार के स्वादिष्ट भात तथा चावल की बनी हुई बहुत सी दूसरी भोजय वस्तुएँ परोसते रहते थे। वे उनके लिये मधुर पेय पदार्थ भी अर्पण करते थे। भोजन करने वाले ब्राह्मणों की संख्या जब एक लाख पूरी हो जाती थी, तब वहाँ प्रतिदिन शंख बजाया जाता था। जनमेजय! दिन में कई बार इस तरह की शंख ध्वनि होती थी। वह उत्तम शंखनाद सुनकर लोगों को बड़ा विस्मय होता था। इस प्रकार सहस्त्रों ह्रष्ट पुष्ट मनुष्यों से भरे हुए उस यज्ञ का कार्य चलने लगा। राजन्! उसमें अन्न के बहुत से ऊँचे ढेर लगाये गये थे , जो पवतों के समान पड़ते थे। लोगों ने देखा, वहाँ दही की नहरेें बह रहीं थीं तथा घी के कितने ही कुण्ड भरे हुए थे। राजन्! महाराज युधिष्ठिर के उस महान् यज्ञ में नाना जनपदों से युक्त सारा जम्बूद्वीप ही एकत्र हुआ सा दिखायी देता था। वहाँ विशुद्ध मणिमय कुण्डल तथा हार धारण किये नरेश ब्राह्मणों को राजाओं के उपभोग में आने योग्य नाना प्रकार के अन्न पान और भाँति भाँति की चटनी परोसते थे। उस यज्ञ में निरन्तर उपर्युक्त पदार्थ भोजन करके सब ब्राह्मण आनन्दमग्न हो बड़ी तृप्ति और प्रसन्नता का अनुभव करते थे। इस प्रकार बहुत सी गायों तथा धन धान्य से सम्पन्न उस समृद्धिशाली यज्ञ मण्डप को देखकर सब राजाओं को बड़ा आश्चर्य होता था। ऋत्विजलोग शास्त्रीय विधि के अनुसार राजा युधिष्टिर के उस राजसूय नामक महायज्ञ का अनुष्इान करते थे और समस्त याजक ठीक समय पर अग्नि में आहुतियाँ देते थे। व्यास और धौम्य आदि जो सोलह ऋत्विज थे, वे युधिष्ठिर के उस महायज्ञ में विधिपर्वूक अपने अपने निश्चित कार्यों का सम्पादन करते थे। उस यज्ञमण्डप में कोई भी सदस्य ऐसा नहीं था, जो वेद के छाहों अंगों का ज्ञाता, बहुश्रुत, व्रतशील, अध्यापक, पापरहित, क्षमाशील एवं सामर्ध्यशील न हो। उस यज्ञ मे कोई भी मनुष्य दीन, दरिद्र, दुखी, भूखा प्यासा अथवा मूढ नहीं था। महातेजस्वी सहदेव महाराज युधिष्ठिर की आज्ञा से भोजनार्थियों को सदा भोजन दिलाया करते थे। शास्त्रोंक्त अर्थपर दृष्टि रखन े वाले यज्ञ कुशल याजक प्रतिदिन सब कार्यों को विधिवत् सम्पन्न करते थे। वेद शास्त्रों के ज्ञाता ब्राह्मण वहाँ सदा कथा प्रवचन किया करते थे। उस महायज्ञ में सब लोग कथा के अन्त में बड़े सुख का अनुभव करते थे। देवता, असुर, यक्ष, नाग, दिव्य मानव तथा विद्याधर गणों से भरा हुआ बुद्धिमान पाण्डुनन्दन महात्मा धर्मराज का वह राजसूय यज्ञ बड़ी शोभा पाता था। वह यज्ञमण्डप गन्धर्वों, अप्सरा-समूहों, देवताओं, मुनिगणों तथा यक्षों से सुशोभित हो दूसरे देवलोक के समान जान पड़ता था। किम्पुरुषों के गीत तथा किन्नरगण उस स्थान की शोभा बढा रहे थे। नारद, महातेजस्वी तुम्बुरु, विश्वावसु, चित्रसेन तथा दूसरे गीतकुलश गन्धर्व वहाँ गीत गाकर यज्ञ कार्यों के बीच बीच में अवकाश मिलने पर सब लोगों का मनोरंजन करते थे। यज्ञ सम्बन्धी कर्मों के बीच में अवसर मिलने पर व्याकरण शास्त्र के ज्ञाता विद्वान पुरुष इतिहास पुराण तथा सब प्रकार के उपाख्यान सुनाया करते थे। वहाँ सहस्त्रों भेरी, मृदंग, मुड्डुक, गोमुख, शृंंग, वंशी और शंखों के शब्द सुनायी पड़ते थे। इस जगत में रहने वाले समस्त ब्राह्मण, (क्षत्रिय,) वैश्य, शूद्र, सब प्रकार के म्लेच्छ तथा अग्रज, मध्यज और अन्त्यज आदि सभी वर्णों के लोग उस यज्ञ में उपस्थित हुए थे। अने देशों में उत्पन्न विभिन्न जाति के लागों के शुभागमन से युधिष्ठिर के उस राजभवन में ऐसा जान पड़ता था कि यह समस्त लोक वहाँ उपस्थित हो गया है। उस राजसूय यज्ञ में भीष्म, द्रोण और दुर्योधन आदि समस्त कौरव, सारे वृष्णिवंशी तथा सम्पूर्ण पांचाल भी सेवकों की भाँति यथायोग्य सभी कार्य अपने हाथों करते थे। महाबाहु जनमेजय! इस प्रकार बु¸द्धिमान युधिष्ठिर का वह यज्ञ चन्द्रमा के राजसूय यज्ञ की भाँति शोभा पाता था। धर्मराज युधिष्ठिर उस यज्ञ में हर समय वस्त्र, कम्बर, चादर, स्वर्णपदक, सोने के बर्तन और सब प्रकार के आभूषणों का दान करते रहते थे। वहाँ राजाओं से जो-जो रत्न अथवा उत्तम धन भेंट के रूप में प्राप्त हुए, उन सबको युधिष्ठिर ने ब्राह्मणों की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने महात्मा ब्राह्मणों को दक्षिणा के रूप में सहस्त्र कोटि स्वर्ण मुद्राएँ प्रदान कीं। उन्होंने संसार में वह कार्य किया जिसे दूसरा कोई राजा नहीं कर सकेगा। यज्ञ कराने वाले ब्राह्मण सम्पूर्ण मनोवान्छित वस्तुएँ और प्रचुर धन पाकर, सदा के लिये तृप्त हो गये। फिर राजा युधिष्ठिर ने व्याप्त, धौम्य, महामति नारद, सुमन्तु, जैमिनि, पैल, वैशम्पायन, याज्ञवल्क्य, कठ तथा महातेजस्वी कलाप- इन सब श्रेष्ठ ब्राह्मणों का पूर्ण मनोयोग के साथ सत्कार एवं पूजन किया। युधिष्ठिर उनसे बोले- महर्षियों! आप लोगों के प्रभाव से यह राजसूय महायज्ञ सांगोपांग सम्पन्न हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के प्रताप से मेरा सारा मनोरथ पूर्ण हो गया। वैशम्पायनजी कहते हैं। जनमेजय! इस प्रकार यज्ञ समाप्ति के समय राजा युधिष्ठिर ने अन्त में लक्ष्मीपति भगवान श्रीकृष्ण, देवेश्वर लबदेव तथा कुरुश्रेष्ठ भीष्म आदि का पूजन किया। तदनन्तर उस राजसूय महायज्ञ को विधिपूर्वक समाप्त किया। शंख, चक्र और गदा धारण करने वाले महाबाहु भगवान श्रीकृष्ण ने आरम्भ से लेकर अन्त तक उस यज्ञ की रक्षा की।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

साँचा:सम्पूर्ण महाभारत अभी निर्माणाधीन है।