भगवद्गीता -राधाकृष्णन पृ. 243

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ
अध्याय-18
निष्कर्ष संन्यास कर्म का ही नहीं, अपितु कर्म के फल का किया जाना चाहिए

   
24.यत्तु कामेप्सुना कर्म साहकारेण वा पुनः ।
क्रियते बहुलायासं तद्राजसमुदाहृतम्।।
परन्तु जो कर्म फल की प्राप्ति की इच्छा रखने वाले व्यक्ति द्वारा बडे़परिश्रमपूर्वक या अहंकार की भावना से प्रेरित होकर किया जाता है, वह राजसिक ढंग का कर्म कहलाता है।बहुलायासम्: बहुत परिश्रम के साथ।कष्ट की अनुभूति, यह भावना कि हम कुछ अप्रिय कार्य कर रहे हैं और यह कि हमें बडे़ कष्ट और परिश्रम में से गुजरना पड़ रहा है, कर्म के मूल्य को समाप्त कर देती है। चेतनापूर्वक यह अनुभव करना कि हम कोई बड़ा काम कर रहे हैं, हम कोइ्र महत्वपूर्ण बलिदान कर रहे हैं, स्वयं बलिदान की विफलता है। परन्तु जब कोई काम किसी आदर्श के लिए किया जाता है, तब वह पे्रमपूर्वक किया जा रहा श्रम होता है और उस दशा में बलिदान भी बलिदान के रूप में अनुभव नहीं होता। किसी अप्रिय कार्य को कत्र्तव्य की भावना से, सारे समय पूर्णतया आत्मचेतना-रहित होकर प्रसन्नतापूर्वक मुस्कराते हुए करना, जैसे कि सुकरात ने हलाहल पिया था, सात्विक ढंग का कर्म है। प्रेम द्वारा किए जाने वाले कर्म और कानून द्वारा किए जाने वाले कर्म में, करुणा द्वारा किए जाने वाले कर्म और दायित्व (विवशता) के कारण किए जाने वाले कर्म में यही अन्तर है।
 
25.अनुबन्धं क्षयं हिसामनवेक्ष्य च पौरुषम्।
मोहादारभ्यते कर्म यत्तत्तामसमुच्यते।।
जो कर्म अज्ञान के कारण हानि या हिंसा का विचार किए बिना और अपनी मानवीय क्षमता का विचार किए बिना किया जाता है, वह तामसिक कर्म कहलाता है।
कर्मों के अन्य लोगों पर होने वाले परिणामों का भी सदा विचार कर लिया जाना चाहिए; केवल स्वार्थपूर्ण उद्देश्यों का त्याग कर दिया जाना चाहिए।
 
तीन प्रकार के कर्ता
26.मुक्तसंगअनहंवादी धृत्युत्साहसमन्वितः।
सिद्धयसिद्धयोर्निर्विंकारः कर्ता सात्विक उच्यते।।
जो कर्ता आसक्ति से रहित है, जो अहंकारपूर्ण बातें नहीं करता, जो धैर्य और उत्साह से युक्त है और जो सफलता और विफलता द्वारा विचलित नहीं होता, वह सात्विक ढंग का कर्ता कहा जाता है।
 
27.रागी कर्मफलप्रेप्सुर्लुब्धो हिंसात्मकोअशुचिः।
हर्षशोकान्वितः कर्ता राजसः परिकीर्तितः।।
जो कर्ता राग (आवेश) से प्रेरित होता है, जो अपने कर्मों का फल पाने के लिए उत्सुक रहता है, जो लोभी होता है, जिसका स्वभाव हिंसापूर्ण होता है, जो अपवित्र होता है, जो आनन्द और शोक के कारण विचलित हो जाता है, वह कर्ता राजसिक कहलाता है।

28.अयुक्तः प्राकृतः स्तब्धः शठो नैष्कृतिकोअलसः।
विषादी दीर्घसूत्री च कर्ता तामस उच्चयते।।
जो कर्ता असन्तुलित, असंस्कृत, हठी, धोखेबाज, द्वेषी, आलसी, दुःखी और काम को टालता जाने वाला होता है, वह तामसिक कहलाता है।प्राकृतः ’बौद्धिक दृष्टि से बिलकुल असंस्कृत और बच्चे की तरह ।’ - शंकराचार्य।
 
तीन प्रकार की बुद्धि
29.बुद्धेर्भेदं धृतश्चैव गुणतस्त्रिविधं श्रृणु।
प्रोच्यमानमषेण पृथक्त्वेन धनज्जय।।
(29) हे धन को जीतने वाले (अर्जुन), अब तू गुणों के अनुसार बुद्धि और धृति (धैर्य या धारणा करने की शक्ति) के तीन भेदों को सुन, जिन्हें मैं पूर्णतया और पृथक्-पृथक् करके बताता हूं।
 
30.प्रवृत्तिं च निवृत्तिं च कार्याकार्ये भयाभये।
बन्धं मोक्षं च या वेत्ति बुद्धिः सा पार्थ सात्विकी।।
जो बुद्धि कर्म और अकर्म को समझती है; जो करने योग्य कार्य और न करने योग्य कार्य को समझती है; जो इस बात को समझती है कि किससे डरना चाहिए और किससे नही चाहिए, क्या वस्तु आत्मा को बन्धन में डालती है और क्या वस्तु मुक्त करती है; हे पार्थ (अर्जुन), वह बुद्धि सात्विक होती है।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

साँचा:भगवद्गीता -राधाकृष्णन