महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 53 श्लोक 1-20

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

त्रिपञ्चाशत्तम (53) अध्‍याय: अनुशासन पर्व (दानधर्म पर्व)

महाभारत: अनुशासन पर्व: त्रिपञ्चाशत्तम अध्याय: श्लोक 1-20 का हिन्दी अनुवाद

च्‍यवन मुनि के द्वारा राजा-रानी के धैर्य की परीक्षा और उनकी सेवा से प्रसन्‍न होकर उन्‍हें आशीर्वाद देना

युधिष्ठिर ने पूछा- पितामह। च्यवन मुनि के अन्तर्धान हो जाने पर राजा कुशिक और उनकी महानसौभाग्यशालिनी पत्नी ने क्या किया? यह मुझे बताइये।।भीष्मजी ने कहा- राजन। पत्नी सहित भूपाल ने बहुत ढूंढने पर भी जब ऋषि को नहीं देखा तब वे थक कर लौट आये। उस समय उन्हें बड़ा संकोच हो रहा था। वे अचेत से हो गये थे।वे दीन भाव से पुरी में प्रवेश करके किसी से कुछ बोले नहीं। केवल च्यवन मुनि के चरित्र पर मन-ही-मन विचार करने लगे। राजा ने सूने मन से जब घर में प्रवेश किया तब भृगु नन्दन महर्षि च्यवन को पुनः उसी शैय्या पर सोते देखा । उन महर्षि को देखकर उन दोनों को वड़ा विस्मय हुआ। वे उस आश्‍चर्यजनकघटना पर विचार करके चकित हो गये। मुनि के दर्शन से उन दोनों की सारी थकावट दूर हो गयी। वे फिर यथा स्थान खड़े होकर मुनि के पैर दबाने लगे। अबकी बार वे महामुनि दूसरी करवट से सोये थे।शक्तिशाली च्यवन मुनि फिर उतने ही समय में सो कर उठे। राजा और रानी उनके भय से शंकित थे, अतः उन्होंने अपने मन में तनिक भी विकार नहीं आने दिया।भारत प्रजानाथ। जब वे मुनि जागे, तब राजा और रानी से इस प्रकार बोले- तुम लोग मेरे शरीर में तेल की मालिश करो क्योंकि अब मैं स्नान करूंगा। यद्यपि राजा-रानी भूख-प्यास से पीड़ित और अत्यन्त दुर्बल हो गये थे तो भी ‘बहुत अच्छा’ कहकर वे राजदम्पति सौ बार पकाकर तैयार किये हुए बहूमूल्य तेल को लेकर उनकी सेवा में जुट गये। ऋषि आनन्द से बैठ गये और वे दोनों दम्पति मौन हो उनके शरीर में तेल मलने लगे। परंतु महातपस्वी भृगु च्यवन ने अपने मुंह से एक बार भी नहीं कहा कि ‘बस, अबरहने दो, तेल की मालिश पूरी हो गयी’। भृगुपुत्र ने इतने पर भी जब राजा और रानी के मन में कोई विकार नहीं देखा तब सहसा उठकर वे स्नानागार में चले गये । भरतश्रेष्ठ। वहां स्नाना के राजोचित सामग्री पहले से ही तैयार करके रखी गयी थी; किंतु उस सारी सामग्री की अवहेलना करके- उसका किंचित भी उपयोग न करके वे मुनि पुनः राजा के देखते-देखते वहीं अन्तर्धान हो गये; तो भी उन पति-पत्नि ने उनके प्रति दोष-दृष्टि नहीं की। कुरूनन्दन। तदनन्तर शक्तिशाली भगवान च्यवन मुनि पत्नि सहित राजा कुशिक को स्नान करके सिंहासन पर बैठे दिखाई दिये । उन्हें देखते ही पत्नि सहित राजा का मुख प्रसन्‍नता से खिल उठा। उन्होंने निर्विकार भाव से मुनि के पास जाकर विनय पूर्वक यह निवेदन किया कि‘ भोजन तैयार है’। तब मुनि ने राजा से कहा- ‘ले आओ’। आज्ञा पाकर पत्नि सहित नरेश ने मुनि के सामने भोजन-सामग्री प्रस्तुत की । नाना प्रकार के फलों के गूदे, भांति के साग, अनेक प्रकार के व्यंजन, हल्के पेय पदार्थ, स्वादिष्ठ पूए, विचित्र मोदक (लड्डू), खांड़, नाना प्रकार के रस, मुनियों के खाने योग्य जंगली कंद-मूल, विचित्र फल, राजाओं के उपभोग में आने वाले अनके प्रकार के पदार्थ, वेर, इंगुद, काष्मर्य, भल्लातक फल तथा गृहस्थों और वानप्रस्थों के खाद्य पदार्थ- सब कुछ राजा ने शाप के डर से मंगाकर प्रस्तुत कर दिया था।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

साँचा:सम्पूर्ण महाभारत अभी निर्माणाधीन है।