महाभारत कर्ण पर्व अध्याय 93 श्लोक 17-40

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

त्रिनवतितम (93) अध्याय: कर्ण पर्व

महाभारत: कर्ण पर्व: त्रिनवतितम अध्याय: श्लोक 17-40 का हिन्दी अनुवाद

यदि वे मुझसे युद्ध करेंगे तो में उन्हें निःसंदेह मार गिराऊँगा। जैसे महासागर अपनी तटभूमि को लाँघकर आगे नहीं बढ़ता, उसी प्रकार वे भी मुझे लाँघ नहीं सकते। आज में अर्जुन, श्रीकृष्ण और उस घमंडी भीमसेन को तथा बचे-खुचे दूसरे शत्रुओं को भी मार डालूँ, तभी कर्ण के ऋण से मुक्त हो सकता हूँ। कुरूराज दुर्योधन की वह श्रेष्ठ शूरवीरों के योग्य बात सुनकर सारथि ने सोने के साज-बाज से सजे हुए घोड़ों को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया। माननीय नरेश ! उस समय रथों, घोड़ों और हाथियों से रहित आपके केवल पचीस हजार पैदल सैनिक ही युद्ध के लिये डटे हुए थे। उन सबको क्रोध में भरे हुए भीमसेन और धृष्टघुम्न का डटकर सामना करने लगे। उनमें से कितने ही योद्धा भीमसेन और धृष्टघुम्न के नाम ले लेकर उन्हें युद्ध के लिये ललकारने लगे। कुन्तीनन्दन भीमसेन युद्धधर्म का पालन करने वाले थे, इसलिये उन्होंने स्वयं रथ पर बैठकर भूमि पर खडे़ हुए पैदल- सैनिकों के साथ युद्ध नहीं किया। उन्हें अपने बाहुबल का पूरा भरोसा था। वे दण्डपाणि यमराज के समान सुवर्णजटित विशाल गदा हाथ में लेकर आपके समस्त सैनिकों का वध करने लगे। वे पैदल सैनिक भी अपने प्यारे प्राणों का मोह छोड़कर उस युद्ध में भीमसेन की ओर उसी प्रकार दौडे़, जैसे पतंग आग पर टूट पड़ते हैं। जैसे प्राणियों के समुदाय यमराज को देखते ही प्राण त्याग देते हैं, उसी प्रकार वे रोषभरे रणदुर्भद सैनिक भीमसेन से टक्कर लेकर सहसा नष्ट हो गये।
हाथ में गदा लिये बाज के समान विचरते हुए महाबली भीमसेन आप के उन पचीसों हजार सैनिकों को मार गिराया। सत्यपराक्रमी महाबली भीमसेन उस पैदल सेना का संहार करके धृष्टघुम्न को आगे किये वहीं खडे़ रहे। दूसरी ओर पराक्रमी अर्जुन ने रथसेना पर आक्रमण किया। माद्रीकुमार नकुल-सहदेव और महारथी सात्यकि हर्ष में भरकर दुर्योधन की सेना का संहार करते हुए बडे़ वेग से शकुनि पर टूट पडे़। वे अपने पैने बाणों द्वारा उसके बहुत से घुड़सवारों को मार कर तुरन्त ही उसकी ओर भी दौडे़ । फिर तो वहाँ बड़ा भारी युद्ध होने लगा। प्रभो ! अर्जुन भी आपकी रथसेना के समीप जाकर त्रिभुवनविख्यात गाण्डीव धनुष की टंकार करने लगे। बहुतों के रथ नष्ट हो गये और कितने ही बाणों की मार से अत्यन्त घायल हो गये । इस प्रकार पचीस हजार पैदल सैनिक काल के गाल में चले गये। पांचालकुमार, पांचाल महारथी और महामनस्वी पुरूषसिंह धृष्टघुम्न उन पैदल सैनिकों का संहार करके भीमसेन को आगे किये शीघ्र ही वहाँ दिखायी दिये। वे महाधनुर्धर, तेजस्वी और शत्रुसमूहों को संताप देने वाले हैं। धृष्टघुम्न के रथ के घोडे़ कबूतर के समान रंगवाले थे, उनकी ध्वजा पर कचनार के वृक्ष का चिन्ह था। धृष्टघुम्न को रण में उपस्थित देख आपके योद्धा भय से भाग खडे़ हुए। गान्धारराज शकुनि शीघ्रतापूर्वक अस्त्र चला रहा था, यशस्वी माद्रीकुमार नकुल-सहदेव और सात्यकि तुरंत ही उसका पीछा करते दिखायी दिये। माननीय नरेश ! चेकितान, शिखण्डी और द्रौपदी के पाँचों पुत्र आपकी विशाल सेना का विनाश करके शंख बजाने लगे। उन सबने आपके सैनिकों को पीठ दिखाकर भागते देख उनका उसी प्रकार पीछा किया, जैसे साँड़ रोष में भरे हुए दूसरे साँड़ों को जीतकर उन्हें खदेड़ने लगते हैं।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

साँचा:सम्पूर्ण महाभारत अभी निर्माणाधीन है।