महाभारत वन पर्व अध्याय 83 श्लोक 145-169

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

त्र्यशीतितम (83) अध्‍याय: वन पर्व (तीर्थयात्रा पर्व)

महाभारत: वन पर्व: त्र्यशीतितम अध्याय: श्लोक 145-169 का हिन्दी अनुवाद

कुरूक्षेत्र तीर्थ को सबसे पवित्र कहते हैं, कुरूक्षेत्र से भी पवित्र है सरस्वती नदी, सरस्वती से भी पवित्र है उसका तीर्थ और उन तीर्थों से भी पवित्र हैं पृथूदक। वह सब तीर्थों में उत्तम है, जो पृथूदक तीर्थ में जपपरायण होकर अपने शरीर का त्याग करता है, उसे पृनमृत्यु का भय नहीं होता। यह बात भगवान् सनत्कुमार तथा महात्मा व्यास ने कही है। राजन् ! इस प्रकार तीर्थ यात्री नियमपूर्वक पृथूदक तीर्थ की यात्रा करे। कुरूश्रेष्ठ ! पृथूदक में श्रेष्ठतम तीर्थ दूसरा कोई नहीं है। वही मेध्य, पवित्र और पावन है, इसमें संशय नहीं है। भरतश्रेष्ठ ! वहीं मधुस्वत तीर्थ है। राजन् ! उसमें स्नान करने से मनुष्य को सहस्त्र गोदान का फल मिलता है। राजेन्द्र ! तदनन्तर क्रमशः लोकविख्यात सरस्वती अरूणासंगम नामक पवित्र तीर्थ की यात्रा करे। वहां स्नान करके तीन रात उपवास करने से ब्रह्महत्या से छुटकारा मिल जाता है। इतना ही नहीं, वह मनुष्य अग्निष्टोम और अतिरात्र यज्ञों से मिलनेवाले फल को भी पा लेता है। भरतश्रेष्ठ ! वह अपने कुल की सात पीढि़यों को पवित्र कर देता है।। कुरूकुलशिरोमणे ! वहीं अर्धकील नामक तीर्थ है, जिसे पूर्वकाल में दर्मी मुनि ने ब्राह्मणों पर कृपा करने के लिये प्रकट किया था। वहां व्रत, उपनयन और उपवास करने से मनुष्य कर्मकाण्ड और मन्त्रों का ज्ञाता ब्राह्मण होता है, इसमें संशय नहीं है। नरश्रेष्ठ ! क्रियाविहीन और मन्त्रहीन पुरूष भी उसमें स्नान करके व्रता का पालन करने से विद्वान होता है, यह बात प्राचीन महर्षियों ने प्रत्यक्ष देखी है।। दर्भीमुनि वहां चार समुद्रों को भी ले आये हैं। नरश्रेष्ठ ! उसमें स्नान करनेवाला मनुश्य कभी दुर्गति में नहीं पड़ता । और उसे चार हजार गोदान का भी फल प्राप्त होता है। धर्मज्ञ ! तदनन्तर वहां से शतसहस्त्र और साहस्त्रक तीर्थों की यात्रा करे। वे दोनों लोकविख्यात तीर्थ हैं। उसमें स्नान करने से मनुष्य को सहस्त्र गोदान का फल प्राप्त होता है। वहां किये हुए दान अथवा उपवास का महत्व अन्यत्र से सहस्त्रगुना अधिक है। राजेन्द्र ! वहां से उत्तम रेणुकातीर्थ की यात्रा करे। पहले उस तीर्थ में स्नान करे; फिर देवताओं और पितरों की पूजा में तत्पर हो जाय। इससे तीर्थयात्री सब पापों से शुद्ध हो अग्निष्टोमयज्ञ का फल पाता है। विमोचनतीर्थ में स्नान और आचमन करके क्रोध और इन्द्रियों को काबू में रखनेवाला मनुष्य प्रतिग्रहजनित सारे दोषों से मुक्त हो जाता है। वहां योगेश्वर एवं वृषभध्वज स्वयं भगवान् शिव निवास करते हैं। उन देवेश्वर की पूजा करके मनुष्य वहां जानेमात्र से सिद्ध हो जाता है। वही तैजस नामक वरूणदेवता सम्बन्धी तीर्थ है, जो अपने तेज से प्रकाशित होता है। जहां ब्रह्मा आदि देवताओं तथा तपस्वी ऋषियों ने कार्तिकेय को देवसेनापति के पदपर अभिषिक्त किया था। कुरूश्रेष्ठ ! तैजसतीर्थ के पूर्वभाग में कुरूतीर्थ है। जो मनुष्य ब्रह्मचर्य पालन और इन्द्रियसंयमपूर्वक कुरूतीर्थ में स्नान करता है, वह सब पापों से शुद्ध होकर ब्रह्मलोक में जाता है। तदनन्तर नियमपरायण हो नियमित भोजन करते हुए स्वर्गद्वार को जाय। उस तीर्थ के सेवन से मनुष्य स्वर्गलोक पाता और ब्रह्मलोक में जाता है। नरेश्वर ! तदनन्तर तीर्थसेवी पुरूष अनरकतीर्थ में जाय। राजन् उसमें स्नान करने से मनुष्य कभी दुर्गति में नहीं पड़ता । महीपते ! पुरूषसिंह ! वहां स्वंय ब्रह्मा नारायण आदि देवताओं के साथ नित्य निवास करते हैं।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

साँचा:सम्पूर्ण महाभारत अभी निर्माणाधीन है।